बालाकोट में पाक सैनिकों ने छात्रों को जैश के मदरसे से बाहर निकाला: प्रेस रिव्यू

इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के मुताबिक़ 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक के कुछ घंटों अंदर पाकिस्तान सेना इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के मदरसे से छात्रों को निकाला था और घर भेजने से पहले कुछ दिनों तक एक सेफ हाउस में रखा था.

अख़बार लिखता है कि मदरसे में मौजूद एक छात्र के रिश्तेदार ने उन्हें ये जानकारी दी है. हवाई हमले का निशाना रहे जैश-ए-मोहम्मद के इस तलीम-उल-कुरान नाम के मदरसे से पहली बार सीधे किसी छात्र के हवाले से जानकारी सामने आई है.

बालाकोट के जाबा स्थित जैश के इस कथित प्रमुख ठिकाने को 26 फरवरी को हुई भारतीय हवाई हमले का निशाना बताया जा रहा है.

ख़बर के अनुसार छात्र के रिश्तेदार ने ये भी बताया है कि हवाई हमले से एक हफ़्ते या उससे ज़्यादा वक्त से पाक सेना उस मदरसे की सुरक्षा में लगी थी. अखबार के मुताबिक छात्र ने अपने परिवार वालों को बताया कि 26 फरवरी को तड़के वो कुछ और लोगों के साथ मदरसे के उसी कमरे में सो रहा था, जिसमें 'एक ज़ोरदार धमाके' की वजह से नुकसान पहुंचा था.

जनसत्ता अखबार में ख़बर है कि पाकिस्तान ने भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को रिहा करते वक़्त उनकी पिस्तौल और दस्तावेज़ समेत कई सामान नहीं लौटाए हैं.

भारतीय वायु सीमा में प्रवेश करने वाले पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों से लड़ते हुए ​अभिनंदन का विमान क्रैश हो गया था और वो पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में गिर गए थे.

उस दौरान उनके पास कुछ ज़रूरी सामान भी था जिनमें से ज़्यादातर चीज़ें पाकिस्तान ने नहीं लौटाई.

भारत को लौटाए गए जिन सामानों की सूची दी गई है उनमें बंदूक और दस्तावेजों का जिक्र नहीं है. इसके अलावा उनके पास एक बैग और सर्वाइवल किट भी थी. अभिनंदन 1 मार्च को वाघा बॉर्डर से भारत पहुंचे थे.

हिंदुस्तान अख़बार की ख़बर के मुताबिक़ जब भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में स्थित चरमपंथी शिविर पर हमला किया तो उस वक़्त वहां करीब 300 मोबाइल सक्रिय थे. ये आंकड़े ख़ुफ़िया एजेंसियों के दस्तावेज़ों में सामने आए हैं.

नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (एनटीआरओ) ने सर्विलांस के आधार पर इस ख़बर को पुख्ता बताया है. अख़बार के अनुसार एनटीआरओ की रिपोर्ट में कहा गया है कि चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सर्विलांस तब शुरू किया गया था जब वायुसेना को कार्रवाई की हरी झंडी मिल गई थी.

इसके बाद पूरे इलाके में मैपिंग की गई और वहां मौजूद लोगों के बारे में पुख्ता सूचना इकट्ठी की गई.

भारत सरकार बालाकोट में चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रशिक्षण शिविर पर हमले और चरमपंथियों के मारे जाने का दावा कर रही है जबकि पाकिस्तान ने हमले में बहुत कम नुकसान होने की बात कही है.

हिंदुस्तान की ही एक और ख़बर है कि एयर इंडिया के क्रू सदस्यों को हर उड़ान की घोषणा के बाद पूरे जोश के साथ 'जय हिंद' कहना होगा.

एयर इंडिया के ऑपरेशंस निदेशक अमिताभ सिंह ने सोमवार को एक आधिकारिक परामर्श में ये बात कही है.

कहा गया है कि सभी क्रू मेंबर्स को हर घोषणा के आखिर में थोड़े से अंतराल के बाद और जोश के साथ 'जय हिंद' बोलना होगा.

इसके लिए वजह दी जा रही है कि विमान के कैप्टन के यात्रा के दौरान अपने यात्रियों से जुड़ने के लिए इस शब्द का जबरदस्त असर पड़ेगा.

Comments

Popular posts from this blog

Führende Scientologen gehören zu den aktivsten Immobilienplayern der Stadt

郝柏村百年人生的尖峰时刻:在大陆唱《义勇军进行曲》的国军将领

تم إنشاء البانثيون خلال عصر بيركليس